Header Ads

 

जमीनी विवाद सुलझाने में कारगर साबित हो रहा जनता दरबार : सीओ

- शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े आधा दर्जन मामलों का हुआ निष्पादन

- नोटिस के बावजूद अनुपस्थित लोगों को अगली तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश

सिमरी(बक्सर) : सीओ वीएस पाण्डेय ने कहा कि थाना मुख्यालय में प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार जमीनी विवाद सुलझाने का सबसे सशक्त मंच है। चूंकि पुलिस के सहयोग से यहां ऑन द स्पॉट विवादों का निष्पादन किया जाता है। वे शनिवार को सिमरी थाने में आयोजित जनता दरबार में इलाके के कई गांवों से आए फरियादियों के बीच बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक स्तर पर जिस तरह से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, उसे सुलझाने के लिए यह काफी उपयोगी है। इसलिए जमीनी विवाद में त्वरित न्याय के लिए हर लोग इसका लाभ उठाएं। वहीं थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामले के निष्पादन को लेकर थाना परिसर में जनता दरबार काफी लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इससे न सिर्फ जमीनी विवाद के मामले में बहुत हद तक कमी आई है, बल्कि लोगों को सरल और सहज न्याय भी मिल रहा है। लिहाजा अब लोग कोर्ट कचहरी के चक्कर से बच रहे हैं। बताते चले कि सुबह दस बजे शुरू हुए जनता दरबार में आधा दर्जन भूमि विवाद के मामलों को दोनों पक्षों के आपसी सहमति से निपटारा कराया गया। इतना ही नहीं शेष बचे मामलों में द्वितीय पक्ष के अनुपस्थित एवं कागजात उपलब्ध नहीं कराने को लेकर अगली तिथि निर्धारित की गई। आयोजित कार्यक्रम में अंचल कार्यालय से जुड़े सारे कर्मचारी मौजूद थे।

No comments